SAFTEAM GUJARAT
MAY 05 2020
सूरत
लॉकडाउन (Lockdown 3.0) के 40 दिन बीतने बाद भी प्रवासी मजदूरों अपने घर नहीं जा पाए हैं। प्रशासन से बढ़ती नाराजगी और असंतोष के चलते सोमवार को मजदूर (Migrant Labours) एक बार फिर सड़कों पर उतर आए और घर भेजने की मांग करने लगे। सूरत में पुलिस और मजदूरों के बीच हिंसक झड़प हुई जिसके बाद पुलिस को आंसूगैस का सहारा भी लेना पड़ा। वहीं बेंगलुरु और मुंबई में भी पुलिस और मजदूरों के बीच संघर्ष की स्थिति देखनी पड़ी। सभी मजदूर यूपी, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल वगैरह राज्यों के रहने वाले हैं और घर भेजने की मांग पर अड़े हैं।
23 मार्च को जबसे गुजरात में लॉकडाउन घोषित हुआ है, तबसे अब तक सूरत में प्रवासी मजदूर और पुलिस कई बार आमने-सामने आ चुके हैं। सोमवार को हिंसा तब शुरू हुई जब मजदूरों के एक बड़े समूह ने वरेली में पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। वाहनों में भी तोड़फोड़ की गई। इस समूह में महिलाएं भी शामिल थीं।
200 को किया गया गिरफ्तार
ये मजदूर शुक्रवार रात को अपने घर के लिए निकले थे लेकिन गुजरात सीमा से वापस लौटाए जाने के चलते नाराज थे। पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए 40 आंसूगैस छोड़े और लाठीचार्ज किया। इसके विडियो सामने आए जिसमें पुलिस लाठी लेकर मजदूरों को गलियों में दौड़ाते हुए नजर आई। इस घटना के बाद 200 लोगों को हिंसा फैलाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। आईजी (सूरत रेंज) राजकुमार ने बताया, 'करीब 3,000 मजदूरों हिंसा में शामिल थे जिनमें से कुछ ने पुलिस पर ऐसिड की बोतलें भी फेंकी।'
'घर जाने के लिए जेब में जितना पैसा था... सब दे दिया'
वाराणसी के एक टेक्टाइल मजदूर राधेश्याम त्रिपाठी ने कहा कि वह कभी सूरत लौटकर नहीं आएंगे। उन्होंने कहा, 'हमको कुत्तों की तरह भगाया गया दाहोद से। हमने अपने घर जाने के लिए पूरी पॉकेट मनी खर्च कर दी लेकिन फिर भी हमें प्रताड़ित किया गया और वापस भेज दिया गया। हमारा अपराध सिर्फ इतना है कि हम घर जाना जाहते हैं।' बिहार के गया निवासी गिरिशंकर मिश्रा कहते हैं, 'गुजरात में अगर हमारे साथ ऐसे ही सलूक किया गया तो हम वापस नहीं लौटेंगे। पुलिस हमारे साथ आतंकियों की तरह पेश आ रही है।'
दाहोद में मजदूरों को रोक दिया गया था
राधेश्याम और 56 दूसरे मजदूरों को ले जा रही बस को दाहोद चेकपोस्ट पर ही रोक दिया गया। उनकी तरह कई दूसरे मजदूरों भी उपेक्षित महसूस कर रहे हैं। वलसाड जिले में भी हजारों मजदूरों ने सड़कें जाम कर दी। गुजरात के रेलवे अधिकारियों ने बताया कि सोमवार शाम तक 15,558 यात्रियों के साथ 13 ट्रेनें यूपी और ओडिशा के लिए रवाना हो चुकी हैं जबकि दो ट्रेनें धनबाद और पटना के लिए रवाना होंगी।